अम्बिकापुर: जिले के उदयपुर तहसील में स्थित राजस्थान राज्य विद्युत उत्पादन निगम लिमिटेड के परसा ईस्ट केते बासेन (पीईकेबी) कोल माइंस में, पर्यावरण के प्रति कर्मचारियों और कामगारों में जागरूकता लाने हेतु प्रत्येक वर्ष की भांति इस वर्ष भी पांच दिवसीय विश्व पर्यावरण दिवस 2023 महोत्सव का आयोजन किया गया। संयुक्त राष्ट्र संघ द्वारा विश्व पर्यावरण दिवस पर जारी थीम “पारिस्थितिकी तंत्र के बहाली के लिए प्लास्टिक प्रदूषण को हराएं” मुहिम के अंतर्गत 1 जून से 5 जून के बीच पर्यावरण और इसके सुधारों से संबंधित स्लोगन, पोस्टर, अभिनव विचारों आदि जैसे विभिन्न क्षेत्रों पर अलग-अलग गतिविधियां व प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं।
प्रतियोगिता की शुरुआत में पीईकेबी में मिशन जीवन संकल्प के अंतर्गत लोगों को पर्यावरण के लिए जीवन शैली में बदलाव के बारे में बताया गया इस दौरान 500 से अधिक कर्मचारियों ने शपथ ली। इसी कड़ी में अगले चार दिनों में अदाणी विद्या मंदिर, साल्ही, तथा टाउनशिप, गुमगा सहित ग्राम बासेन, घाटबर्रा, फतेहपुर और तारा के शासकीय स्कूलों में चित्रकला प्रतियोगिता का आयोजन कर विद्यार्थीयों को मिशन लाइफ के संबंध में जागरूकता प्रदान की गई। वहीं जून 5 को विश्व पर्यावरण दिवस के दिन सरगुजा क्लस्टर हेड श्री मनोज कुमार शाही, सहित अन्य अधिकारियों तथा कर्मचारियों द्वारा खदान के लगभग एक हेक्टेयर के पूर्व खनन क्षेत्र में 2500 से अधिक पौधों का रोपण किया गया। महोत्सव के दौरान सभी गांव के स्कूलों के 600 से अधिक विद्यार्थियों तथा 40 से अधिक शिक्षकों ने प्रतियोगिता में भाग लेकर पर्यावरण के प्रति अपनी सोच को स्लोगन, पोस्टर और चित्रकला के माध्यम से उकेर कर प्लास्टिक से उसकी सुरक्षा के लिए हर संभव प्रयास करने का संदेश दिया। इस दौरान प्रतियोगिता में उत्कृष्ठ प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को पुरस्कृत भी किया गया।









