दिल्ली:अमिताभ बच्चन ने साल 1983 में बीबीसी को एक इंटरव्यू दिया था जिसमें इंटरव्यूवर ने उनसे सवाल किया था कि जब से होम वीडियो का चलन शुरू हुआ है तब से लोगों में घर पर ही फिल्में देखने की प्रवत्ति बढ़ी है। कुछ लोग भी वीडियो के लिए ही फिल्में बना रहे हैं। इसका फिल्म इंडस्ट्री पर क्या असर आप दख रहे हैं?
इस सवाल के जवाब में अमिताभ बच्चन ने कहा था,”अभी हमारे यहां तो वीडियो के लिए फिल्में नहीं बन रही हैं। लेकिन हमारी फिल्में ज़रूर वीडियो पर जा रही हैं। ये एक बहुत बड़ा खतर है। क्योंकि इससे भारतीय फिल्मों का ओवरसीज़ मार्केट प्रभावित हो रहा है। लोग अब सिनेमाहॉल में फिल्में देखने नहीं जाते हैं।
घर पर ही देख लेते हैं। और ये एक बहुत बड़ा खतरा हो गया है। विदेशों से ये आदत अब धीरे-धीरे हिंदुस्तान भी पहुंच रही है। खासतौर से बड़े शहरों में ये एक बड़ी चुनौती बन गई है। खतरा पैदा हो गया है। जिसे रोकने के लिए सरकार को कुछ करना चाहिए।”
इंटरव्यूर ने यहां अमिताभ से कहा कि भारत जैसे बड़ी आबादी वाले देश में लोग वीडियो पर फिल्में शायद अभी नहीं देख पाते हैं। और शहरों की आबादी अभी उतनी नहीं है। इसके जवाब में अमिताभ बचच्चन बोले,”आपको शायद मालूम नहीं है कि आजकल वीडियो बसों में चल रहे हैं। उन्हें वीडियो बसेज़ कहा जाता है। आप बस से सफर करते हैं तो वो आपको वीडियो भी दिखाते हैं। होटेल्स में भी वीडियो दिखा रहे हैं।
भारत के दूरस्थ इलाकों की छोटी-छोटी दुकानों पर लोगों को खाने-पीने के सामान के साथ एक फिल्म भी दिखाई जाती है। ये भी एक तरह के वीडियो पार्लर्स हैं। और ये जगह-जगह पर उभर आए हैं। और इन्हें रोकने का कोई तरीका नहीं है।
लेकिन सरकार को कोई नियम बनाना चाहिए। क्योंकि मैंने सुना है कि इंग्लैंड में सरकार ने कड़ा कानून बना दिया है इसके खिलाफ। वीडियो पायरेसी के खिलाफ अगर ऐसा ही नियम हिंदुस्तान में भी बन जाए तो हम लोगों के लिए बहुत फायदा होगा।”
इस इंटरव्यू के वक्त अमिताभ बच्चन की पत्नी जया बच्चन भी उनके साथ ही बैठी थी। इंटरव्यूअर उनसे भी बीच-बीच में बात कर रहे थे। अमिताभ बच्चन जब भारत में वीडियो पायरेसी की बात कर रहे थे और बता रहे थे कि अब वीडियो बसें हमारे यहां चलने लगी हैं तो जया बच्चन इस पर काफी हैरत जता रही थी। वो कह रही थी कि उन्हें नहीं पता था कि ऐसा भी कुछ शुरू हुआ है हमारे देश में।
आज अमिताभ बच्चन का जन्मदिन है। अमिताभ आज 83 साल के हो गए हैं। 11 अक्टूबर 1942 को अमिताभ बच्चन का जन्म हुआ था। इस उम्र में भी बच्चन साहब की एनर्जी कमाल है।









